जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के मौरावां थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। मोटेश्वर मंदिर के पास एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 31 वर्षीय ऑटो चालक मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आरोपी वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया।

मृतक मनीष की पहचान तुसरौर गांव, पुरवा थाना क्षेत्र निवासी मदन लाल के पुत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।
मनीष अपने परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था और छह बहनों का इकलौता भाई। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी से अलग रहने के बावजूद वह अपने माता-पिता और बहनों की जिम्मेदारी निभा रहा था। अब परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में डूब गया है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामले के जल्द खुलासे का भरोसा दिलाया है।

