
खागा/फतेहपुर।। किशनपुर थाना क्षेत्र के संगोलीपुर मडैयन मोरम खदान शुरू होने के बाद क्षेत्र के किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय किसानों ने आरोप लगाया है कि खदान संचालक दबंगई के बल पर खेतों में खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचा रहा है। बिना किसी मुआवजे के किसानों की जमीन से मोरम से भरे वाहन निकाले जा रहे हैं, जिससे फसलों को व्यापक क्षति हो रही है।
किसानों ने बताया कि कई बार विरोध जताने के बावजूद खदान प्रबंधन ने उनकी बात अनसुनी कर दी। इससे नाराज होकर बुधवार को बड़ी संख्या में किसान मुख्य सड़क पर बैठकर धरने पर उतर आए। किसानों का कहना था कि खदान के भारी वाहन खेतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और लगातार अनदेखी की जा रही है।
सूचना मिलते ही खदान के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और दो दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही खदान संचालकों को वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रखने और किसानों की फसलों को नुकसान न पहुंचने देने के निर्देश भी दिए।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने और खदान संचालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


