
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जनपद के अजगैन क्षेत्र का नवाबगंज शुक्रवार की भोर एक ऐसी चीख सुनकर जागा, जिसने पूरे कस्बे को हिला दिया। चर्च स्कूल के सामने सड़क पार कर रहीं 58 वर्षीय उषा देवी को तेज़ रफ़्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने अचानक रौंद दिया।
सुबह पाँच बजे का वक़्त… चारों तरफ़ घना कोहरा, सन्नाटा, और उसी सन्नाटे में एक पल में ख़त्म होती एक मासूम ज़िंदगी। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका दहशत में आ गया।
उषा देवी का घर दुर्गागंज मोहल्ले में है। रोज़ की तरह वह सुबह घर से निकली थीं, पर शायद उन्हें खुद भी नहीं पता था कि ये उनकी आख़िरी सुबह होगी। हादसे की सूचना मिलते ही पति सुरेंद्र और बेटे अरुण व अमित घटनास्थल पर पहुँचे, जहां का मंजर देखकर उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई। चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला थर्रा उठा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल के पास लगे हाई-रेज़ोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही उस वाहन की पहचान कर ली जाएगी जिसने मानवता को शर्मसार करते हुए घायल महिला को सड़क पर छोड़कर भागने में ही भलाई समझी।
इस दर्दनाक हादसे ने नवाबगंज कस्बे को झकझोर कर रख दिया है। लोग सुबह के कोहरे में तेज़ रफ़्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम की मांग कर रहे हैं।



