
उन्नाव। थाना आसीवन पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 10-10 हजार रुपये के इनामिया दो शातिर अपराधियों को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ शनिवार शाम करीब 3:45 बजे चौधरीखेड़ा पुल के पास चेकिंग के दौरान हुई, जब पुलिस रोकने पर तीन युवक बाइक से भागने लगे और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैरों में गोली लगने से गिर पड़े। आरोपी सनी उर्फ बदरिया (35), निवासी गांधी नगर तकीपुर, थाना मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद व राजा बाबू (30), निवासी नवाबगंज, थाना सांडी, हरदोई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है दोनों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद हुई। दोनों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था। राजा बाबू पर उन्नाव, फर्रुखाबाद, हरदोई व कासगंज में लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट समेत 13 मुकदमे दर्ज है वहीं सनी उर्फ बदरिया पर उन्नाव व कासगंज में चोरी व धोखाधड़ी सहित 8 मुकदमे पंजीकृत है। दोनों 08 अक्टूबर 2025 की चोरी की वारदात के मुकदमा संख्या 333/25 व 334/25 में भी वांछित थे। इस गैंग का तीसरा आरोपी भंवर सिंह पहले ही 8 अक्टूबर को मुठभेड़ में पकड़ा जा चुका है। घायल बदमाशों को सीएचसी मियागंज भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।



