संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।अजगैन क्षेत्र के कनईखेड़ा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत से लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान राधेलाल पुत्र छोटा की सड़क पार करते समय तेज़ रफ्तार बाइक से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि राधेलाल सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सीएचसी नवाबगंज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर में बाइक सवार युवक भी घायल हुआ, जिसे पुलिस की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने और बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया , वहीं हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
संवाद सूत्रों के मुताबिक दुर्घटनास्थल पर सड़क पार करने के दौरान वाहनों की रफ्तार अक्सर ज्यादा रहती है, जिससे पहले भी कई छोटे-मोटे हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने वहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग दोहराई है।



