संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।रविवार की सुबह सुमेरपुर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक बाइक पर लंगूर कूद पड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। हादसे में पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
खरगवनखेड़ा गांव निवासी कृष्ण कुमार की 30 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी अपने जीजा के घर मलौना गांव गई हुई थीं। रविवार सुबह वह एक रिश्तेदार के साथ बाइक से मायके भगवंतनगर लौट रही थीं। जैसे ही बाइक सराय मनिहार गांव के सामने पहुंची, तभी अचानक एक लंगूर बाइक पर कूद पड़ा। अचानक हुई इस घटना से बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
गिरने से सुनीता के सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उन्हें पीएचसी सुमेरपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुनीता की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बिहार थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर *पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सुनीता देवी का स्वभाव मिलनसार था और वह हर किसी से अपनापन रखती थीं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार और गांव में शोक की लहर है।



