
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र में कोडिनयुक्त कफ सिरप के अवैध व्यापार के मामले में मेसर्स अम्बिका हेल्थ केयर के प्रोप्राइटर अजय कुमार पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। औषधि निरीक्षक अशोक कुमार की जांच में सामने आया कि फतेहपुर चौरासी निवासी अजय कुमार ने रायबरेली निवासी अजय शर्मा से PHENCYPIK-T और PHENCYPIK-TP सिरप की करीब 12,000 बोतलें खरीदी थीं, जबकि स्टॉक व बिक्री के अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच के दौरान फर्म परिसर में कोई दवा नहीं मिली। तीन दिन की समयसीमा देने के बावजूद अजय कुमार ने आवश्यक दस्तावेज नहीं सौंपे। इसके बाद सहायक आयुक्त (औषधि) के निर्देश पर औषधि विभाग ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच दरोगा वीरेंद्र विक्रम सिंह को सौंपी है। जांच में यह भी खंगाला जा रहा है कि दवाओं की सप्लाई किन स्थानों पर की गई और इसमें अन्य कौन लोग शामिल हैं।



