
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव। भारतीय सेना की ऐतिहासिक रेज़ांग ला लड़ाई पर आधारित बॉलीवुड फ़िल्म “120 बहादुर – हम पीछे नहीं हटेंगे” के गीतों का भव्य शुभारंभ मंगलवार को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी नवाबगंज में किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता एवं गायक फरहान अख्तर तथा मशहूर प्लेबैक सिंगर सुखविंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोनों कलाकारों ने फ़िल्म के गीतों का अनावरण किया। लॉन्च होते ही गीतों ने छात्रों में उत्साह और देशभक्ति का संचार कर दिया। इस अवसर पर पॉप-रॉक बैंड फ़रीदकोट के लाइव प्रदर्शन ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश के प्रो. वाइस चांसलर डॉ. टी.पी. सिंह ने कहा कि यह आयोजन विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए यह एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव है, जहां उन्हें भारतीय सिनेमा और संगीत जगत के कलाकारों से संवाद का अवसर मिला।
देशभक्ति और संगीत का यह अद्भुत संगम पूरे कार्यक्रम के दौरान दिखाई दिया, जिसने छात्रों के मन में भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान के प्रति गहरी भावना उत्पन्न की।


