
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जिले से दो छात्रों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बीसीए की पढ़ाई कर रहे विनीत सिंह और उनके साथी सक्षम सिंह 27 अक्टूबर की सुबह से लापता हैं। दो दिन बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, विनीत सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह, निवासी जिन्दा खेड़ा की सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे। दिनभर घर न लौटने और संपर्क न होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। पता चला कि विनीत अपने घर से निकलने के बाद दोस्त सक्षम सिंह के घर गए थे।
सक्षम के घर पर विनीत ने अपना बैग बदला और कुछ देर बाद दोनों साथ में कहीं निकल गए। इसके बाद से दोनों छात्रों का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया और वे लापता हो गए।
सक्षम के घर से मिले एक बैग में कुछ कागजात, एक मोबाइल फोन, और दोस्तों द्वारा लिखे गए पत्र बरामद हुए हैं। इन दस्तावेज़ों ने परिवार और पुलिस दोनों को उलझन में डाल दिया है।
विनीत के पिता धर्मेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली उन्नाव में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि बेटे का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह पढ़ाई में अच्छा था।
सब कुछ सामान्य था। अचानक ऐसा कैसे हो गया, समझ नहीं आ रहा। फ़ोन बंद है, कोई सुराग नहीं,” — धर्मेंद्र सिंह विनीत के पिता
परिजनों को आशंका है कि दोनों छात्र किसी अनहोनी या बहकावें का शिकार हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रों के मोबाइल लोकेशन की ट्रैकिंग जारी है।
CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
दोनों छात्रों की सुरक्षित बरामदगी हमारी प्राथमिकता है। टीमें लगातार प्रयासरत हैं।” — पुलिस प्रवक्ता, उन्नाव
स्थिति अब भी जस की तस
दो दिन गुजर जाने के बाद भी छात्रों का कोई सुराग न मिलने से परिवारों में चिंता और बढ़ गई है। जिले भर में इस घटना ने सनसनी फैला दी है।


