
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।प्रशासन की एक पहल अब माखी क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा साबित होने जा रही है। लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिलने जा रही है। जिलाधिकारी की पहल पर माखी क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा को स्थायी रूप से तैनात किया गया है। यह एंबुलेंस अब माखी और उसके आसपास के करीब 60 गांवों की जनता को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएगी।
मियांगंज ब्लॉक के अंतर्गत आने वाला माखी क्षेत्र अब तक आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधा के लिए तरसता रहा। ग्रामीणों को छोटे-मोटे हादसों या गंभीर बीमारियों में एंबुलेंस के लिए मीलों इंतजार करना पड़ता था, जिससे कई बार जान जोखिम में पड़ जाती थी। अब जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर यह समस्या समाप्त होने जा रही है। प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस को माखी में तैनात कर दिया है। यह एंबुलेंस न केवल समय पर मरीजों को अस्पताल तक पहुँचाएगी, बल्कि आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस कदम से न केवल इलाज में तेजी आएगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति ग्रामीणों का भरोसा भी मजबूत होगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रशासन की संवेदनशीलता और जनता के प्रति जिम्मेदारी को दर्शाता है। अब क्षेत्र के ग्रामीणों को किसी भी आकस्मिक स्थिति में एंबुलेंस के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। माखी क्षेत्र में तैनात की गई यह 108 एंबुलेंस अब ग्रामीणों के लिए सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि जीवन की आशा बनकर सामने आई हैजो हर जरूरतमंद तक समय पर पहुंचेगी और संकट की घड़ी में राहत देगी। यह कदम प्रशासन की उस सोच को साकार करता है जिसमें हर गांव, हर व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवा पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



