
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। कैसरबाग थाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को चोरी/लूट के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया है। अभियुक्त की पहचान हेमन्त सोनकर उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है, जो अमीनाबाद थाना क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को बस स्टैंड के पास से पकड़ा और उसके पास से रियलमी कंपनी का एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया। यह मोबाइल श्रीमती उर्मिला सिंह की शिकायत पर दर्ज मुकदमा संख्या-206/2024 से संबंधित था, जो मूल रूप से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309 (4) (लूट से संबंधित) के तहत पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में BNS की धारा 317(2) (चोरी की संपत्ति बेईमानी से प्राप्त करने या रखने से संबंधित) की भी वृद्धि की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त हेमन्त सोनकर का एक लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें अमीनाबाद और जीआरपी थानों में चोरी, लूट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत 8 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।


