
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।सोमवार को थाना कोतवाली सदर, उन्नाव की मिशन शक्ति टीम द्वारा जीनत कन्या इंटर कॉलेज में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक उमा अग्रवाल, महिला आरक्षी रेखा वर्मा, आरक्षी हेमंत कुमार, कुलदीप कुमार, मानवेंद्र कुमार तथा परिवार परामर्श केंद्र से डॉ. आशीष श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान टीम ने छात्राओं से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली, जिनमें किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं — कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बीसी सखी योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन योजना — की जानकारी दी। इसके साथ ही टीम ने छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध हेल्पलाइन) और 108 (एम्बुलेंस सेवा)से भी अवगत कराया गया। टीम ने छात्राओं को प्रेरित किया कि किसी भी आपात स्थिति में वे निर्भीक होकर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन की सहायता प्राप्त करें।



