
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत शनिवार को जगन्नाथ मेमोरियल इंटर कॉलेज में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला थाना टीम से आरक्षी अंशु त्यागी, लक्ष्मी सिंह, अंजलि तथा कोतवाली टीम से उपनिरीक्षक मीना सिंह, आरक्षी रेखा, अंजलि और मधुसूदन सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में परिवार परामर्श केंद्र समिति प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह एवं उनकी टीम ने छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों — 1090, 112, 181, 1076 आदि के बारे में बताया और कहा कि जरूरत पड़ने पर इन माध्यमों से तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर छात्राओं ने एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने संकट की स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों के प्रयोग से खुद को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। नाटक का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा और उपस्थित सभी लोगों ने इसकी सराहना की।
