
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।शनिवार को उन्नाव में मौसम में अचानक बदलाव आया और झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी। सुबह से ही काले बादल छाए रहे और फिर बारिश शुरू हो गई। शहर में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग बारिश का आनंद लेते नजर आए। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, साथ ही लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे की ठंडी हवाएं चलीं। किसानों में भी खुशी की लहर दौड़ गई। कृषि अधिकारी शशांक यादव ने बताया कि यह बरसात खरीफ फसलों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने किसानों को वर्षा जल का अधिकतम उपयोग करने और जल संरक्षण पर ध्यान देने की सलाह दी। मौसम विभाग के आपदा प्रबंधन अधिकारी भवानी प्रसाद के अनुसार, अगले 48 घंटों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली कटौती और जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई। नालियां अवरुद्ध होने से सड़कें पानी से भर गईं, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
