
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जनपद के बांगरमऊ क्षेत्र में दिनदहाड़े तीन अज्ञात लुटेरों ने एक किसान से 76 हजार रुपये लूट लिए। घटना उन्नाव-हरदोई मार्ग पर स्थित चंद्रा धर्म कांटा के सामने हुई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर निवासी रामजीवन (पुत्र बिहारी लाल) बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे थे। उनके झोले में बैंक ऑफ बड़ौदा से 25 हजार, जिला सहकारी बैंक से 36 हजार और घर से लाए 15 हजार रुपये थे। शाम करीब 4 बजे, जब रामजीवन चंद्रा धर्म कांटा के पास पहुंचे, तो बाइक सवार तीन लुटेरों ने उनकी साइकिल से झोला झपट लिया और फरार हो गए। किसान ने उनका पीछा किया, लेकिन लुटेरे झोला लेकर पैदल भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों द्वारा छोड़ी गई बाइक को कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि बाइक बरामद कर ली गई है और लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
