
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।।इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर अनिल कुमार वर्मा को उन्नाव का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में जौनपुर जिले में जिला जज के पद पर कार्यरत थे और एक-दो दिन में उन्नाव में पदभार ग्रहण करेंगे। इससे पहले, उन्नाव में जिला जज के पद पर कार्यरत वाणी रंजन अग्रवाल की पदोन्नति हुई है और उन्हें लखनऊ हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। उनके कार्यकाल में उन्नाव जिला न्यायालय में कई अहम सुधार किए गए थे, जिनमें न्यायिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण और महिला एवं बाल मामलों में त्वरित निस्तारण प्रमुख रहे। अनिल कुमार वर्मा न्यायिक सेवा में लंबे समय से कार्यरत हैं और उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनकी निष्पक्षता, ईमानदारी और त्वरित निर्णय क्षमता के लिए उन्हें जाना जाता है। उन्नाव बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने उनकी नियुक्ति का स्वागत किया है और कहा है कि उनके आने से जिला न्यायालय में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और पारदर्शिता में सुधार देखने को मिलेगा।
