
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। लखनऊ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। महानगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
महानगर थाना क्षेत्र की एक युवती ने सुमित कनौजिया नामक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। युवती का आरोप था कि सुमित ने उससे शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
लखनऊ कमिश्नर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया। महानगर के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने अपनी टीम को तुरंत कार्रवाई करने और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
पुलिस टीम ने अपनी जांच और सूचनाओं के आधार पर आरोपी सुमित कनौजिया को विवेकानंद पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। सुमित मूल रूप से देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के करनपुर उर्फ पन्चफेड़ा गांव का निवासी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी से यह साफ होता है कि लखनऊ पुलिस महिला अपराधों को लेकर गंभीर है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रही है।
