
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। नेडा परियोजना अधिकारी ने बताया कि जनपद को 7000 सोलर प्लांट का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध 1944 आवेदन हुए और 1314 प्लांट लगाए जा चुके हैं। कुल 12 वेंडरों के माध्यम से स्थापना कार्य कराया जा रहा है।
डीएम ने इसे शासन की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि सोलर रूफटॉप पर सरकार ₹45,000 से ₹1,08,000 तक की सब्सिडी दे रही है। 1 किलोवाट प्लांट की अनुमानित लागत ₹65,000 है और इसकी कार्य क्षमता 25 वर्ष है। सब्सिडी डीबीटी के जरिए सीधे लाभार्थी के खाते में दी जाएगी। योजना में 7% ब्याज दर पर बैंक लोन और मात्र ₹1800 मासिक ईएमआई पर 3 किलोवाट प्लांट की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने घरों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर सब्सिडी और बिजली बिल राहत दोनों का लाभ उठाएं। आवेदन हेतु अधिकृत पोर्टल pmsuryaghar.gov.in तथा शिकायत निवारण पोर्टल upnedasolarsamadhan.in उपलब्ध हैं।
बैठक में सीडीओ सूरज पटेल, अधीक्षण अभियंता विद्युत, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, एलडीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


