
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
गंजमुरादाबाद, उन्नाव।। अघोषित विद्युत कटौती से नागरिकों का जीना मुहाल हो गया है। मनमानी बिजली कटौती व ट्रिपिंग से उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के आदेशों को ताक पर रखकर नगर और क्षेत्र में मनमानी बिजली कटौती की जा रही है। बिजली कब आएगी और कब ट्रिप कर जाएगी इसका कोई मानक नहीं रह गया है।
विद्युत आपूर्ति ठप होने पर नागरिकों को दिन में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लेकिन रात्रि में बत्ती गुल होने से उमस भरी गर्मी से लोगों की नींद में भारी खलल पड़ता है। विद्युत कटौती होने पर पुरुष तो बाहर निकल जाते हैं लेकिन छोटे बच्चे रोते-रोते बीमार पड़ रहे हैं। मनमानी बिजली कटौती से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। बिजली विभाग की मनमानी व भारी लापरवाही से नागरिक रातों की नींद व दिन का चैन गवा चुके हैं।
नागरिकों का कहना है कि 18 घंटा बिजली की आपूर्ति दिए जाने के निर्देश हैं। लेकिन शासन/ प्रशासन के आदेशों को ताक पर रखकर 24 घंटे में मात्र 8 घंटे ही विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। नगर पंचायत के अध्यक्ष पति हाजी सलीम कुरैशी, कामिल कुरैशी, कुलदीप शर्मा, राघव मिश्रा, निशांत कुशवाहा, जयसिंह, आदि ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से निर्धारित समय के अनुसार सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति दिए जाने की मांग की है।



