
अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस को चुनौती,
लखनऊ। एक चौंकाने वाली घटना में, एक दैनिक समाचार-पत्र के संपादक के 14 वर्षीय भतीजे विदांश सिंह पर मानक नगर के आर.डी.एस.ओ. कैंपस के पास जानलेवा हमला हुआ है। विदांश जब अपने दोस्तों के साथ खेलकर घर लौट रहा था, तब 8 से 10 युवकों ने बाइकों और स्कूटरों पर उसका पीछा किया और उसे घेर लिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने का प्रयास किया।
हमलावरों में से एक, अंशुमान वर्मा, ने उसका गला दबाया, जबकि आलोक यदुवंशी ने धारदार हथियार से हमला किया। राहगीरों को आता देख सभी हमलावर भाग गए। भागते समय उन्होंने विदांश को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
इस घटना ने आर.डी.एस.ओ. जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार ने मानक नगर थाने में तहरीर दी है, और पुलिस मामले की जाँच कर रही है।



