
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जिले के नवाबगंज-बिछिया मार्ग पर शारदा नहर के किमी नौ पर स्थित पुलिया को लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता रवींद्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाया। निरीक्षण में सामने आया कि पुलिया की किनारे की दीवारें टूटी हुई हैं, पैरापिट नीचे की ओर झुक चुकी है और कई स्थानों पर गिरी हुई भी मिली है।
यह पुलिया वर्ष 1960 में निर्मित की गई थी और लगभग 65 वर्षों से इसकी कोई व्यापक मरम्मत नहीं कराई गई। जर्जर हालत को देखते हुए अभियंता ने इसे यातायात के लिए असुरक्षित घोषित करते हुए तत्काल प्रभाव से आवागमन रोकने और वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश एक्सईएन को दिए हैं।
इस पुलिया पर आवागमन बंद होने से आसपास के लगभग 17 गांवों की लगभग एक लाख की आबादी प्रभावित होगी। उन्हें अब अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए करीब पांच किलोमीटर का अतिरिक्त मार्ग तय करना पड़ेगा।
पिछले माह गुजरात सहित अन्य राज्यों में पुल ढहने की घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश शासन ने भी 50 वर्ष से अधिक पुराने पुल-पुलियों की जांच कराने का आदेश दिया था। इसके तहत लोक निर्माण विभाग ने इंजीनियरों की टीमें गठित कर करीब 150 पुलों और पुलियों का निरीक्षण कराया। इनमें से 21 पुल-पुलियों को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त पाया गया।
नवाबगंज-बिछिया मार्ग की यह पुलिया भी उसी जांच का हिस्सा थी, जिसमें इसे बेहद जर्जर और यातायात के लिए खतरनाक घोषित किया गया।
मुख्य अभियंता ने पुलिया के पुनर्निर्माण के लिए 1.30 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव तैयार कर शासन को मंजूरी हेतु भेजने के निर्देश भी दिए हैं। स्वीकृति मिलते ही नए निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर शुरू किया जाएगा।



