संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव।। जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के ग्राम झालोतर में मंगलवार को एक किसान ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय बाल चंद्र पुत्र स्वर्गीय भवानीदीन के रूप में हुई है। वे खेती के साथ-साथ दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी पत्नी की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं।
घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार, बाल चंद्र शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन हाल के दिनों में वे मानसिक रूप से परेशान दिखते थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कभी अपनी किसी परेशानी का खुलकर ज़िक्र नहीं किया।
परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। अब उनकी मृत्यु से बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता और भी बढ़ गई है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने बाल चंद्र को आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाया तो नहीं।



