
अवैध संबंध का राज खुलने के डर से मां ने प्रेमी संग मिलकर बेटी को मारा,
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ, उत्तर प्रदेश, राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कैसरबाग थाना क्षेत्र में अपनी ही 5 वर्षीय बेटी की हत्या के आरोप में पुलिस ने बच्ची की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।पुलिस आयुक्त लखनऊ, श्री अमरेन्द्र कुमार सेंगर, पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कैसरबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों-उदित जायसवाल और नगिना उर्फ रोशनी खान को गिरफ्तार किया।15 जुलाई, 2025 को कैसरबाग थाने में एक नाबालिग बच्ची की मां जो बाद में खुद आरोपी निकली आरोपी ने तहरीर दी थी कि उसके पति ने उसकी बेटी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा ने तत्काल एक टीम गठित कर जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया।
घटनास्थल के निरीक्षण और वादिनी से शुरुआती पूछताछ के दौरान ही पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी वादिनी के आरोपों पर संदेह गहराया। इस पर पुलिस ने वादिनी से गहन पूछताछ की।गहन पूछताछ के बाद वादिनी नगिना उर्फ रोशनी खान ने आखिरकार स्वीकार कर लिया कि उसने ही अपने दोस्त उदित जायसवाल के साथ मिलकर अपनी 5 वर्षीय बेटी की हत्या की है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और चोरी-छिपे मिलते रहते थे।
घटना वाले दिन उदित जायसवाल, नगिना से मिलने उसके घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि नगिना अपनी बेटी को मोबाइल का स्पीकर न मिलने पर पीट रही थी। पिटाई के बाद बच्ची सो गई। बच्ची के सो जाने के बाद उदित जायसवाल शराब और चखना ले आया। दोनों ने शराब पी और नशे में धुत होकर आपत्तिजनक स्थिति में थे।
तभी अचानक बच्ची नींद से जाग गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। बच्ची ने तुरंत कहा कि वह यह सारी बात अपने पापा को बताएगी। बच्ची के मुंह से यह बात सुनते ही नगिना और उसका प्रेमी उदित घबरा गए। उन्हें लगा कि उनका अवैध संबंध का राज खुल जाएगा, जिसके बाद दोनों ने मिलकर बच्ची का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे और मासूमों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


