
संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पहले ट्विटर पर आज एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित अमन मैरिज हॉल के बीट गढ़ी पीर खां इलाके में एक युवक को कथित तौर पर अवैध असलहे के साथ देखा गया। वीडियो के सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी जांच शुरू कर दी गई।
वायरल वीडियो की गहन जांच के बाद सामने आया कि वीडियो में दिख रहा युवक अनिल गौतम उम्र करीब 28 वर्ष है, जो स्वर्गीय ओम प्रकाश का पुत्र और 400/6 रज्जबगंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ का निवासी है। पुलिस के अनुसार, अनिल गौतम अमन मैरिज हॉल में लाइट का काम करता है।
जांच में सबसे महत्वपूर्ण खुलासा यह हुआ कि वीडियो में प्रदर्शित असलहा कोई असली पिस्तौल नहीं था, बल्कि एक पिस्टलनुमा लाइटर था। इस जानकारी के सामने आने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अनिल गौतम को उक्त पिस्टलनुमा लाइटर के साथ हिरासत में ले लिया।
थाना ठाकुरगंज पुलिस ने बताया कि अनिल गौतम को थाने लाया गया है और इस पूरे प्रकरण के संबंध में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। हालांकि यह स्पष्ट हो गया है कि हथियार असली नहीं था, फिर भी ऐसे लाइटर के साथ वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना एक गंभीर विषय है, जो लोगों में अनावश्यक भय और गलत संदेश फैला सकता है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।




