
अमेठी। “एक पेड़ मां के नाम” व “पेड़ लगाओ–पेड़ बचाओ जन अभियान 2025” के अंतर्गत वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ मंगलवार को ट्रांजिट हॉस्टल गौरीगंज परिसर में नवग्रह वाटिका की स्थापना के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक अनिल चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया।
नवग्रह वाटिका में सूर्य, चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, राहु और केतु ग्रहों से संबंधित आक, खैर, ढाक, गूलर, दूब, पीपल, कुश, लटजीरा और शमी जैसे पौधे रोपित किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वृक्षों के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए इस वर्षा काल में अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनका संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनकी देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक रूप देने के लिए सभी विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनपद अमेठी में लगभग 43.64 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। आने वाले दिनों में शासन द्वारा विशेष तिथि निर्धारित कर जनपदभर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
डीएम ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण एक अनिवार्य जिम्मेदारी बन चुकी है। दुनिया के कई देशों में पर्यावरण संकट के कारण लोग दिन में बाहर निकलने से भी डरते हैं, इसलिए हमें प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र ने भी सभी से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनके महत्व को समझें और उन्हें बचाने का संकल्प लें।

