
अमेठी। वन महोत्सव सप्ताह के पहले दिन सोमवार को जिलाधिकारी अमेठी और पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक ने ट्रांजिट हॉस्टल गौरीगंज परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर लटजीरा, गूलर, खैर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
वृक्षारोपण के उपरांत अधिकारियों ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए वृक्षों के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर वातावरण को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने में योगदान देना चाहिए।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्लास्टिक जैसे प्रदूषणकारी पदार्थों के उपयोग को कम करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक जरूरी कदम है।
अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे इस अभियान को जन आंदोलन की तरह अपनाएं और अपने आस-पास हरियाली बढ़ाने में सहभागी बनें।

