
अमेठी। ग्रीष्मावकाश के उपरांत मंगलवार को जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई। जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का पारंपरिक रोली-टीका लगाकर स्वागत किया गया और विद्यालय परिसर को फूलों, रंगोली, झाड़ियों व गुब्बारों से विशेष रूप से सजाया गया।

जिले में नामांकित लगभग 1.25 लाख बच्चों के सापेक्ष 72,000 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई। पहले दिन को उत्सव के रूप में मनाते हुए विद्यालयों में बच्चों के स्वागत को विशेष महत्व दिया गया, जिससे बच्चों में नए सत्र को लेकर उत्साह देखा गया।

बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन में विशेष स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन परोसे गए, जिससे विद्यालय में रुचि और सहभागिता को बल मिला। बच्चों ने भोजन का आनंद लिया और अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना की।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि शिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रेरित किया जा रहा है और अभिभावकों के सहयोग से शत-प्रतिशत उपस्थिति की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को बच्चों के लिए आनंददायक और सीखने योग्य माहौल में बदलने के लिए हर संभव प्रयास जारी हैं।

