
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
लखनऊ, 01 जुलाई 2025।
उत्तर प्रदेश डीफ क्रिकेट एसोसिएशन के मूकबधिर खिलाड़ियों ने मंगलवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से उनके कैम्प कार्यालय, 7-कालिदास मार्ग, लखनऊ पर शिष्टाचार भेंट की।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने “रनर टीम” के सभी खिलाड़ियों को विश्व मूकबधिर क्रिकेट लीग – 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र भेंटकर उनका सम्मान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश डीफ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने 28 अप्रैल से 5 मई 2025 तक दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) में आयोजित वर्ल्ड डीफ क्रिकेट लीग – 2025 में प्रतिभाग किया, जहाँ खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मूकबधिर खिलाड़ी संकल्प, परिश्रम और समर्पण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और सहयोग के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और भविष्य में भी उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी।

