
लखनऊ।।उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने सोमवार को लखनऊ स्थित शास्त्री छात्रावास में आयोजित एससी/एसटी सम्मेलन में शिरकत की। यह सम्मेलन स्वर्गीय नरेन्द्र कुमार शास्त्री जी की 94वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री असीम अरुण ने घोषणा की कि अनुदानित छात्रावासों में कार्यरत कर्मियों को अब श्रम दरों के अनुरूप बढ़ा हुआ मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे श्रम दरों में वृद्धि होगी, वैसे-वैसे कर्मियों का मानदेय भी उसी अनुपात में स्वतः बढ़ता रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने स्व. नरेन्द्र कुमार शास्त्री जी के सामाजिक योगदान को स्मरण किया और उनके द्वारा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
मंत्री असीम अरुण ने कहा कि हमें संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में कार्य करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

इसके अतिरिक्त, मंत्री असीम अरुण ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक व्यक्ति की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार हर नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के साथ सुनने और समाधान देने के लिए प्रतिबद्ध है।



