
फतेहपुर । जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच विद्युत विभाग की लापरवाही अब आम लोगों पर भारी पड़ने लगी है। एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती ने शहर से लेकर गांव तक लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात यह हैं कि बिना किसी तय रोस्टर के हर आधे घंटे में बिजली काटी जा रही है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।दिन और रात में लगातार हो रही ट्रिपिंग और कटौती के कारण घरों में लगे पंखे, कूलर और एसी शोपीस बनकर रह गए हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। रातभर बिजली की आंख-मिचौली के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं।ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी खराब बताई जा रही है। गांवों में कई-कई घंटे बिजली गायब रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। मोटर न चल पाने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है, वहीं किसान भी सिंचाई को लेकर परेशान हैं। दूसरी तरफ शहरों में व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से कारोबार प्रभावित हो रहा है और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है। *सबसे बड़ी बात यह है कि विभाग की ओर से न तो कोई स्पष्ट सूचना दी जाती है और न ही कोई निर्धारित शेड्यूल जारी किया जाता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत करने पर जिम्मेदार अधिकारी फोन तक उठाना उचित नहीं समझते। भीषण गर्मी में जनता राहत की उम्मीद लगाए बैठी है, लेकिन बिजली विभाग की कार्यप्रणाली लोगों के गुस्से को लगातार बढ़ा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब सरकार निर्बाध बिजली आपूर्ति के बड़े-बड़े दावे करती है तो फिर फतेहपुर की जनता को आखिर क्यों अघोषित कटौती की मार झेलनी पड़ रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।



