
कानपुर।।रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कानपुर सेंट्रल ने ‘ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते’ के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए घर से पिछले 8 दिनों से लापता एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है। आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों और फतेहपुर की खागा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
दिनांक 22 मई 2026 की रात करीब 02:00 बजे, आरपीएफ के उप-निरीक्षक (SI) मोहम्मद असलम खान प्लेटफार्म नंबर 1 पर गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें दिल्ली छोर की सीढ़ियों पर एक नाबालिग लड़की बेहद गुमसुम और डरी हुई स्थिति में बैठी दिखाई दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत महिला कांस्टेबल पूजा गुप्ता को मौके पर बुलाया गया। बालिका को सुरक्षापूर्वक आरपीएफ पोस्ट लाया गया, जहाँ महिला स्टाफ की देखरेख में उसे अनुकूल व सहज माहौल देकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में बालिका ने अपना नाम मानसी (उम्र 16 वर्ष), पुत्री मोहित कुमार, निवासी कटोघन, थाना खागा, जिला फतेहपुर बताया। बालिका ने खुलासा किया कि वह करीब 7-8 दिन पहले परिजनों से नाराज होकर घर से कुछ जेवर लेकर भाग आई थी। उसने कुछ जेवर खागा में ही एक सुनार को बेच दिए थे। उसने यह भी बताया कि उसके पास मौजूद मोबाइल फोन भी कहीं चोरी हो गया था।
आरपीएफ द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर के जरिए तुरंत बालिका के परिजनों से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही दोपहर करीब 14:30 बजे बालिका के पिता मोहित कुमार, माता कांति देवी और खागा थाने के उप-निरीक्षक प्रभाष चंद्र सिंह पुलिस स्टाफ के साथ आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल पहुंचे।
पुलिस टीम ने बताया कि बालिका की गुमशुदगी के संबंध में थाना खागा (फतेहपुर) में मुकदमा अपराध संख्या 0158/26, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) 2023 के तहत दिनांक 18/05/2026 को मामला पंजीकृत था
परिजनों द्वारा प्राथमिकी (FIR) की प्रति और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने के बाद, आरपीएफ ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर बालिका मानसी को अग्रिम कार्रवाई हेतु खागा थाना पुलिस और उसके माता-पिता की सुपुर्दगी में सौंप दिया। अपनी लाडली को सही-सलामत वापस पाकर भावुक हुए परिजनों और फतेहपुर पुलिस ने कानपुर आरपीएफ टीम की मुस्तैदी और इस मानवीय कार्य के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।



