
मऊ।।उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा रविवार को अपने गृह जनपद मऊ पहुंचे, जहां घोसी स्थित मझवारा मोड़ पर परिषदीय जूनियर हाई स्कूल परिसर में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम में मधुबन एवं घोसी तहसील के 24 विद्यालयों के 176 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और साइकिल देकर सम्मानित किया गया। इनमें 56 छात्र और 120 छात्राएं शामिल थीं, जिनमें हाई स्कूल के 103 और इंटरमीडिएट के 73 छात्र सम्मिलित हैं।

मंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से की। उन्होंने संबोधन में कहा कि अब मऊ की पहचान माफिया या हथियारों से नहीं, बल्कि मेधा, गुण और हुनर से बनेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में राजनीति में आने के बाद से “मऊ की मुस्कान” उनका सपना रहा है और आज मऊ के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। इसी भावना के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने की यह परंपरा प्रारंभ की गई है।

कार्यक्रम में अवादा फाउंडेशन के सहयोग से हाई स्कूल व इंटरमीडिएट 2025 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल दी गई। हाई स्कूल परीक्षा में जनपद स्तर पर शुभम सिंह प्रथम स्थान पर रहे, सूरज मौर्य एवं नैंसी जायसवाल द्वितीय तथा आंसू चौहान, सुकृति यादव व सान्या राय तृतीय स्थान पर रहीं। इंटरमीडिएट में नीरज पासवान प्रथम, आंचल मौर्य द्वितीय, सुधीर तृतीय, रोली पाठक चौथे, गुंजन यादव पांचवें तथा गौरव प्रजापति छठे स्थान पर रहे। इनके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों के 137 अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

शर्मा ने कहा कि मऊ की पुरानी पहचान वापस लाने और जिले को विकास के पथ पर अग्रसर करने में इन प्रतिभाशाली युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब अभाव वाला नहीं, बल्कि प्रभाव वाला देश बन चुका है और यही युवा पीढ़ी इस बदलाव की वाहक बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में देश अग्रसर है और मऊ के ये विद्यार्थी उसमें भागीदार बनेंगे।

उन्होंने कहा कि कभी शिक्षा की उपेक्षा के कारण युवाओं में निराशा थी, लेकिन अब डबल इंजन की सरकार में फिर से उम्मीदें जागी हैं। संघर्ष ही सफलता का मूलमंत्र है, और गांव-गरीब के बच्चे भी अब ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने माता-पिता, गुरुजनों और बुजुर्गों के आशीर्वाद से जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल करें। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे आज भारतीय नागरिक गूगल, माइक्रोसॉफ्ट जैसी वैश्विक कंपनियों के सीईओ हैं, सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष वैज्ञानिक हैं, और देश के वैज्ञानिक ब्रह्मोस जैसी मिसाइल बनाकर विश्व में भारत का लोहा मनवा रहे हैं।
आपातकाल की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि 1975 में जब लोकतंत्र पर हमला हुआ था, तब देश की संवैधानिक शक्तियां कमजोर हो गई थीं, लेकिन आज भारत पुनः मजबूत लोकतंत्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने सभी सम्मानित मेधावी छात्रों, उनके अभिभावकों, शिक्षकगण और विद्यालयों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्ना गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अखिलेश तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अवादा फाउंडेशन के प्रतिनिधि सोम प्रकाश बंसल सहित भारी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।



