
लखनऊ। लखनऊ के साउथ जोन में शनिवार को सभी 10 थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीसीपी साउथ ने निगोहां थाने में समस्याओं को सुना। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे। डीसीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगोहां थाने में 15 और नगराम थाने में 16 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। समाधान दिवस में कई छोटे-बड़े विवादों का मौके पर निपटारा किया गया। इससे आम जनता को राहत मिली। कार्यक्रम में नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी, राजस्व विभाग से आर.आई. नजमुद्दीन, लेखपाल आशुतोष, नीतू सिंह, हिमांशु और सुनील उपस्थित रहे।


