
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।। जिले के एक शांत से गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला रम्माखेड़ गांव, पोस्ट त्रिपुरापुर का है, जहां दो बच्चों—ढाई साल की सोनाक्षी और छह महीने के ऋतिक की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता रोहित, जो गांव में अंडे की छोटी दुकान चलाते हैं, ने इस दर्दनाक घटना का आरोप अपनी ही पत्नी नेहा पर लगाया है। करीब दस दिन पहले एक मामूली पारिवारिक विवाद के बाद नेहा अपने मायके चली गई थी, जबकि दोनों बच्चे पिता के पास ही थे। आज सुबह नेहा ने खेत पर मिलने के बहाने बुलाया। साली निकिता के साथ रोहित बच्चों को लेकर खेत पहुंचा।
बातचीत के दौरान नेहा ने बच्चों को कुछ देर के लिए गोद में लिया। तभी खेत में जानवर घुस आए और रोहित उन्हें भगाने लगा। लौटने पर नेहा ने बच्चों को वापस किया और बोली—”मेरा काम हो गया।
कुछ ही मिनटों में छोटे बेटे ऋतिक की हालत बिगड़ने लगी। उसने तड़पना शुरू किया। परिजन दोनों बच्चों को लेकर अस्पताल भागे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की सांसें थम गईं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और नेहा पर हत्या का शक जताते हुए जांच शुरू कर दी है। गांव वालों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। कोई यकीन नहीं कर पा रहा कि एक मां अपने ही बच्चों को ज़हर दे सकती है।



