
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव।।बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रबड़ी में घरेलू कलह के चलते एक युवक अपने घर के कमरे पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर झूल गया। परिजनों ने उसे फांसी के फंदे से नीचे उतरा। किंतु तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
ग्राम रबड़ी निवासी ज्वाला प्रसाद के बेटे वेद प्रकाश 38 वर्ष ने गृह कलह के चलते आज सोमवार की शाम घर के अंदर स्थित कमरे में विद्युत पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। जानवरों को चारा-पानी कर रहे परिजन जब घर के अंदर आए तो वेद प्रकाश को फांसी पर झूलता देखकर उनकी चीखें निकल गईं और आनन-फानन उसे फांसी के फंदे से नीचे उतारा। किंतु तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें घटना की सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर विधिक कार्यवाही की जाएगी।



