
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के दीपक नगर में स्थित एक शराब ठेके को लेकर स्थानीय निवासियों ने डीएम गौरांग राठी को शिकायत की है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह ठेका रतिराम पुरवा के लिए आवंटित था, लेकिन अवैध रूप से दीपक नगर में चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके के आसपास अराजक तत्व जमा होते हैं। ये लोग राहगीरों से अभद्रता और महिलाओं से छेड़छाड़ करते हैं। इसके चलते महिलाएं और बच्चियां घर से बाहर नहीं निकल पा रही हैं। बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। शिकायत में बताया गया कि ठेके से 150 मीटर के दायरे में अस्पताल, स्कूल, मस्जिद और मदरसा हैं। यह आबकारी नियमों का उल्लंघन है। जिस जमीन पर ठेका चल रहा है, उसके मालिक पर गंगाघाट थाने में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेके पर जुआ भी खेला जाता है। कानपुर और उन्नाव के हिस्ट्रीशीटर यहां आते हैं। ये लोग राहगीरों से मारपीट करते हैं। पुलिस और आबकारी विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई है



