
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘महा वृक्षारोपण अभियान 2026’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत आज जनपद उन्नाव के कांशीराम में जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह द्वारा विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पौधा रोपकर उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण और एक हरित व सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने पर्यावरण के प्रति अपनी कटिबद्धता व्यक्त की और इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
शकुन सिंह ने आम जनमानस को प्रेरित करते हुए कहा कि एक पेड़ केवल प्रकृति का श्रृंगार ही नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का असली आधार भी है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि हम सभी को अपनी पूजनीय माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और केवल लगाना ही नहीं, बल्कि उसके जीवित रहने तक उसके पूर्ण संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति और देवतुल्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर प्रकृति रक्षा का संकल्प लिया।
