
लखनऊ। गर्मी के तीखे तेवर के बीच बुधवार को लखनऊ पेपर मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा अमीनाबाद स्थित गुईन रोड पर आइसक्रीम भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मनोज तिवारी, अमर प्रकाश अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, काबरा जी, प्रतीक मित्तल, मोहन डालमिया, बिल्लू अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल एवं विक्की अग्रवाल सहित अनेक सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।

भंडारे में पहले से तैयार आइसक्रीम छोटी-छोटी बुटकियों में भरकर वितरित की जा रही थी। वितरण स्थल पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे सड़क किनारे एक उत्सव जैसा माहौल बन गया। बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने गर्मी से राहत पाने के इस आयोजन की सराहना की।
एसोसिएशन पदाधिकारी अमर प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन समाजसेवा की भावना से प्रेरित होकर किया गया, ताकि चिलचिलाती गर्मी में आमजन को थोड़ी राहत मिल सके। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। अमीनाबाद जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में ऐसे सेवा कार्य सामाजिक सौहार्द और जनहित की भावना को नई दिशा प्रदान करते हैं।
अमर प्रकाश अग्रवाल ने कहा, “गर्मी के इस मौसम में आमजन को थोड़ी राहत देने के लिए यह छोटा सा प्रयास है, जिसे हर साल आगे भी जारी रखा जाएगा।”



