
संवाददाता सचिन पाण्डेय
उन्नाव-शुक्लागंज में 5 जून को होने वाले गंगा दशहरा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शासन के निर्देश पर घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा और गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्रा ने मिश्रा कालोनी घाट का दौरा किया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मिश्रा कालोनी घाट, नवीन यातायात पुल के नीचे और पुराने पुल के पास स्थित सभी घाटों पर व्यापक सफाई के आदेश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग को समतल किया जाएगा। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की जाएगी।
वर्तमान में गंगा का जलस्तर कम होने के बावजूद स्नान करने वालों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त नावें और गोताखोर तैनात किए जाएंगे। घाटों पर पुलिस कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।


