
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी पर्व बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक रूप से मनाए जाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, सभी उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी, थानाध्यक्ष, विभिन्न धर्मगुरु, ग्राम प्रधान, सभासद व संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों व धर्मगुरुओं से संवाद करते हुए कहा कि पर्व पारंपरिक स्थलों व तरीकों से ही मनाया जाए, कोई नई परंपरा प्रारंभ न की जाए तथा कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित स्थानों पर ही दी जाए, खुले में किसी भी दशा में कुर्बानी न हो। प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी पूर्णतया वर्जित रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुर्बानी के उपरांत अपशिष्ट खुले में न फेंका जाए, बल्कि निर्धारित विधि से चूना, नमक व ब्लीचिंग डालकर गड्ढों में निस्तारित किया जाए। डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि नमाज स्थलों के मार्गों की जांच कर सभी जर्जर तारों को समय रहते बदला जाए और त्योहार के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। जिला पंचायत राज अधिकारी व नगर निकायों को विशेष साफ-सफाई कराने, नमाज स्थलों व आसपास चूने का छिड़काव, जलापूर्ति और सफाई कर्मचारियों की पूर्व ड्यूटी तय करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी सीएचसी-पीएचसी पर आवश्यक दवाएं, डॉक्टर व एम्बुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि पर्व के दौरान विशेष सतर्कता रखें और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान लगातार भ्रमणशील रहें, कानून व्यवस्था को बनाए रखें और पारंपरिक स्थलों पर ही कुर्बानी कराई जाए। उन्होंने कहा कि मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराया जाए, पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित हो तथा अवशेषों के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था रहे। एसपी ने कहा कि कुर्बानी करते समय फोटो या वीडियो न बनाएं और न ही सोशल मीडिया पर पोस्ट करें, ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। धार्मिक भावनाएं भड़काने या माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अंत में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने समस्त जनपदवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द व कानून व्यवस्था के बीच मनाने की अपील की।
