
अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यदायी संस्थाएं इसे पूरी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए शासन से धनराशि प्राप्त हो चुकी है, उनका कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए और बिना जांच के कोई भी सामग्री कार्य में उपयोग न की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में शिथिलता, मानकविहीन निर्माण अथवा अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संस्था या अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं को पूर्ण कराने के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तत्काल शासन को भेजे जाएं ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और समयबद्ध रूप से कार्य पूरे किए जा सकें। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को विधिवत रूप से हैंडओवर किया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शैलेंद्र सिंह सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

