
अमेठी, 21 जून 2025 को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व जनपद अमेठी के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कौहार स्थित योग वैलनेस सेंटर में एक विशेष प्रातःकालीन योग शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसायटी के निदेशक हरिकेश चौरसिया के निर्देशानुसार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अब्दुल बारी और जनपद अमेठी के नोडल अधिकारी डॉ. अनुपम श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। फार्मासिस्ट इंचार्ज शैलेन्द्र मौर्य के संयोजन में संपन्न इस शिविर में बच्चों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया गया तथा ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ विषयवस्तु से अवगत कराया गया।
योग प्रशिक्षक राजेश कुमार दुबे और योग सहायक राजमोहन के संचालन में बच्चों को ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, वृक्षासन, अर्ध चक्रासन, कुर्सी आसन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम, प्रणव और भ्रामरी जैसे प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। साथ ही ध्यान, दिनचर्या, आहार-विहार, प्राकृतिक चिकित्सा, घरेलू उपचार और एक्यूप्रेशर से संबंधित परामर्श भी प्रदान किए गए।
शिविर में बच्चों को यह समझाया गया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, मानसिक संतुलन के लिए भी अनिवार्य है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, और योग एवं खेलकूद इस दिशा में सहायक साधन हैं। योग प्रशिक्षक राजेश कुमार द्विवेदी द्वारा क्षेत्र में लगातार किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आयोजकों ने कहा कि उनकी निष्ठा और सेवाभाव समाज को एक नई स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित कर रहे हैं, जिससे योग के प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ रही है।
