

लखनऊ। ज्येष्ठ मास के पावन तृतीय बड़े मंगल के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित हजरतगंज के प्रसिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर में उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)रवींद्र जायसवाल द्वारा श्रद्धा, सेवा और समर्पण भाव के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तजनों को प्रसाद वितरित कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई।

रवींद्र जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि बड़ा मंगल उत्तर भारतीय जनमानस की गहन आस्था, धार्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का अनुपम पर्व है, विशेष रूप से लखनऊ में यह उत्सव जन सहयोग, श्रद्धा और लोक संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति बन चुका है, जिसमें हनुमान जी की उपासना से समाज में शक्ति, भक्ति और सेवा का भाव विकसित होता है।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यसभा सांसद व पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी सहभागिता कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया और जनकल्याण की कामना की।

