
लखनऊ।। लखनऊ नगर निगम द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित किए जाने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोकनाथ सभागार, लालबाग में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की, जिसमें नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह सहित गृहकर, जलकल, स्वास्थ्य, अभियंत्रण, मार्ग प्रकाश विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समाधान दिवस में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ जी.आई.एस. सर्वे द्वारा भवन कर निर्धारण के विरुद्ध प्राप्त आपत्तियों पर सुनवाई की गई। गृहकर विभाग के सभी जोनल अधिकारी, कर अधीक्षक, राजस्व निरीक्षक और जी.आई.एस. टीम मौके पर मौजूद रही। महापौर ने नागरिकों की समस्याएं स्वयं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
नगर निगम के अनुसार, इस समाधान दिवस में कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका तत्काल निस्तारण किया गया। जोनवार प्राप्त और निस्तारित शिकायतों का विवरण इस प्रकार रहा:
जोन-1: 43 शिकायतें – 43 निस्तारित
जोन-2: 04 शिकायतें – 04 निस्तारित
जोन-3: 35 शिकायतें – 35 निस्तारित
जोन-4: 09 शिकायतें – 09 निस्तारित
जोन-5: 16 शिकायतें – 16 निस्तारित
जोन-6: 56 शिकायतें – 56 निस्तारित
जोन-7: 43 शिकायतें – 43 निस्तारित
जोन-8: 11 शिकायतें – 11 निस्तारित
नगर आयुक्त ने बताया कि जी.आई.एस. समाधान दिवस अब प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा, जिससे गृहकर संबंधी मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके। इस समाधान दिवस में कई नागरिकों की आपत्तियां निस्तारित की गईं, जिनमें मनोरमा सिंह, दिवाकर सिंह, संगीता जायसवाल और महावीर त्यागी जैसे नागरिकों की गृहकर संबंधी आपत्तियों का समाधान किया गया।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए नियमित रूप से समाधान दिवस में भाग लें और अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त करें।



