
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। बारासगवर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव निवासी रामनरेश के बेटे रोहित द्वारा दर्ज कराए गए लूट के मामले में पुलिस जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं। घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है, जिसमें सर्राफ ने लूट और फायरिंग का दावा किया था। हालांकि, पुलिस की जांच में यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। बता दे कि एसपी दीपक भूकर ने इस मामले में बयान जारी करते हुए बताया कि सर्राफ की ओर से दी गई जानकारी और मेडिकल रिपोर्ट में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की फायर इंजरी नहीं मिली है। इसके अलावा, घटना के समय में भी भिन्नता पाई गई है, जो सर्राफ के बयान को कमजोर करता है। एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को डेढ़ घंटे की देरी से सूचना दी गई। इतना ही नहीं, जिस फार्मासिस्ट से सर्राफ ने पट्टी करवाई, उसे भी फायरिंग से चोट लगने की बात नहीं बताई गई। इन बिंदुओं से पुलिस को सर्राफ की कहानी पर शक हो रहा है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि सर्राफ रोहित का विनीत नामक ज्वैलर के साथ कुछ पैसों का लेन-देन है। एसपी के अनुसार, यह मामला वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हो सकता है और इसे लूट का रंग देने की कोशिश की गई हो। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच गहराई से की जा रही है। अब तक लूट की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके। सर्राफ द्वारा घटना को लेकर दी गई जानकारी में कई विसंगतियां मिली हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है। एसपी दीपक भूकर ने कहा कि पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। यदि यह मामला फर्जी पाया गया, तो सर्राफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


