
देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा स्थित घर में बुधवार देर रात घर पर खेल रहे भाई के तमंचे से फायर करने पर बहन की मौत हो गई। घटना के वक्त माता-पिता मौसी के घर गए थे। उन्हें उनके बेटे ने फोन कर बहन की मौत की जानकारी दी। घर पहुंचे तो बेटी खून से लथपथ थी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बता दे की गदनखेड़ा मोहल्ला के रहने वाले भोलेनाथ तिवारी उर्फ भंड का ग्यारह वर्षीय बेटा सोमनाथ बीती रात घर में रखे तमंचा से खेल रहा था। कमरे में उसकी सोलह वर्षीय बड़ी बहन इशिका उर्फ आरती भी मौजूद थी। इसी बीच 312 बोर के अवैध तमंचे से खेल रहे सोमनाथ ने बहन की ओर तमंचा करके खेल खेल में ट्रिगर दबा दिया। तभी बहन के बाएं पैर की जांघ पर तमंचे से निकली गोली लगने से वो जख्मी हो गई। बच्चों के चीखने चिल्लाने पर पड़ोसी कमरे में पहुंचे तो नजारा देख होश उड़ गए। घटना की जानकारी पिता को दी। सूचना के बाद मौसी के घर से वापस अपने घर पहुंचे पिता भोलेनाथ जख्मी बेटी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक अधिक रक्तस्राव होने से मौत हुई है। स्वास्थ्य कर्मियों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि घर में बच्चों के खेलने के दौरान घटना हुई है। जांच के बाद किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल कर कार्रवाई जा रही है।



