
सचिन पाण्डेय
उन्नाव। जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे द्वारा स्थानीय अधिकारियों की उपस्थिति में तहसील सफीपुर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा रजिस्ट्रार कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, भूलेख, अभिलेखागार, संग्रह कार्यालय, राजस्व निरीक्षक कक्ष, न्यायालय तहसीलदार, न्यायालय उप जिलाधिकारी, तहसील परिसर आदि का जायजा लिया गया। इस मौके पर डीएम द्वारा कार्मिक उपस्थिति, परवाना, गौसवारा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वरासत, पट्टा आवंटन, विद्युत देयक, खतौनी अंकन, संग्रह/बसूली आदि रजिस्टर देखे गए तथा संबंधित पटल कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें ताकि जन सामान्य को अपने कार्य कराने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि भू अभिलेखों से संबंधित कार्य को पूरी सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए ताकि छोटी-मोटी त्रुटियों की वजह से लोगों को बिला वजह परेशान न होना पडे़। उन्होंने निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों का सही से रख-रखाव न होने के कारण रजिस्ट्रार कानूनगो को कड़ी फटकार लगायी तथा कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने पटल से संबंधित दस्तावेजों का रख-रखाव सुव्यस्थित ढंग से करें ताकि जरूरत के समय संबंधित दस्तावेज तुरन्त उपलब्ध हो सकें।



