
उन्नाव।।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘महा वृक्षारोपण अभियान 2026’ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से जारी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत, आज जनपद उन्नाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जिला प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक व व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ पौधे रोपे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी के नेतृत्व में संगठन ने इस महाअभियान को धरातल पर उतारने के लिए कमर कसी है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप, संगठन द्वारा उन्नाव जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) पर कम से कम 10 पौधे रोपे जाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है, जिसके लिए उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर आहुति देने की अपील की। इस पूरे महाअभियान की जमीनी स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे अभियान के संयोजक व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल कुशवाहा ने पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर अभियान को गति दी।
अभियान के मुख्य कार्यक्रम के तहत आज विकास खण्ड सिकन्दरपुर सरोसी स्थित ट्रांसगंगा सिटी परिसर में जिला वृक्षारोपण समिति के सौजन्य से एक भव्य “वृक्षारोपण महायज्ञ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष उन्नाव शकुन सिंह और उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता के साथ औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस गरिमामयी अवसर पर। इसके साथ ही प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी घनश्याम मीणा (IAS), पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह (IPS), मुख्य विकास अधिकारी कृति राज (IAS) एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग स्वाति (IFS) ने भी सक्रिय रूप से पौधरोपण कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर अपर्णा यादव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव है, इसलिए हम सभी को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।

ट्रांसगंगा सिटी के अलावा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण अंचलों में भी भारी उत्साह देखा गया, जहाँ स्थानीय विधायकों ने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मिलकर कमान संभाली। पुरवा विधानसभा में विधायक अनिल सिंह ने विकास खण्ड पुरवा अंतर्गत ग्राम भदनांग स्थित वृहद गोवंश आश्रय में सघन पौधरोपण किया और संदेश दिया कि प्रकृति को बचाएंगे, तभी जीवन बचेगा। सफीपुर विधानसभा में विधायक बम्बालाल दिवाकर ने ग्राम मुंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए हर पौधे को एक नई उम्मीद और बेहतर कल का आधार बताया। वहीं, बांगरमऊ विधानसभा में विधायक श्रीकान्त कटियार ने ग्राम पंचायत समसपुर अटिया कबूलपुर के खेल मैदान में युवाओं और क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर सामूहिक जिम्मेदारी के साथ वृहद स्तर पर पौधरोपण किया। मोहान विधायक बृजेश कुमार रावत ने मोहान विधानसभा के औरास में वन विभाग के अधिकारियों द्वारा आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर पौधरोपण किया एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इसी कड़ी में भगवंतनगर विधानसभा के विधायक आशुतोष शुक्ला ने भी बहुतराजमऊ ग्राम पंचायत में पहुंचकर व्यापक स्तर पर नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाए और आम जनता को सरकार की पर्यावरण हितैषी नीतियों से अवगत कराया।

भाजपा जिला इकाई और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस महाअभियान के तहत लगाए गए पौधों की न केवल जियो-टैगिंग (Geo-tagging) की जा रही है, बल्कि उनके जीवित रहने और उचित देखभाल के लिए कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय ग्रामीणों को जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। आज के इन विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, मातृशक्ति, युवा और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर ‘हरित उन्नाव’ के संकल्प को दोहराया।
