
लखनऊ।लखनऊ नगर निगम के जोन-6 अंतर्गत दुबग्गा वार्ड की न्यू हैदरगंज अमर विहार कॉलोनी, लालाबाग में प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बनाई गई छोटी पुलिया पर गुरुवार को एक निसान कार नाले में गिर गई। गनीमत रही कि ड्राइवर की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार चालक पुलिया पार कर रहा था। पुलिया के दोनों तरफ न तो रेलिंग है और न ही सुरक्षा दीवार। इसी वजह से गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे नाले में जा गिरी। हादसे के समय रात में वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी नहीं थी।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि महापौर के निरीक्षण के बाद भी इस पुलिया का कार्य अधूरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। कुछ महीने पहले एक ई-रिक्शा भी इसी नाले में गिर चुका है।
“रात होते ही ये पुलिया मौत का कुआं बन जाती है। न लाइट है, न बैरिकेड। रोजाना सैकड़ों लोग और बच्चे इसी रास्ते से आते-जाते हैं। अगर समय रहते पुलिया पूरी नहीं हुई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है” – स्थानीय निवासियों ने बताया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि पुलिया पर तुरंत रेलिंग, बैरिकेड और स्ट्रीट लाइट लगाई जाए और निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए।



