-आर के श्रीवास्तव: प्रमुख संवाददाता





लखनऊ: 10 जून।
लखनऊ नगर निगम जोन 8 सेक्टर एच के अंतर्गत स्काई हिल्टन से लगे हुए बुद्धा पार्क के पास बनाए जा रहे नए वेंडिंग जोन को लेकर स्थानीय समाजसेवियों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। समाजसेवियों का स्पष्ट कहना है कि इस इलाके में वेंडिंग जोन स्थापित होने से सड़क पर अतिक्रमण और भीषण जाम की स्थिति पैदा हो जाएगी। इससे इलाके के दो बड़े अस्पतालों (लोकबंधु अस्पताल एवं अपोलो हॉस्पिटल) तक पहुंचने वाले मरीजों और एम्बुलेंस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा, जो किसी भी आपात स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है।
विरोध की सूचना मिलते ही नगर निगम के जोनल अधिकारी विकास सिंह तुरन्त मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे समाजसेवियों से विस्तार से वार्ता की। समाजसेवियों ने उन्हें जाम से होने वाली संभावित परेशानी और मरीजों के जीवन पर पड़ने वाले खतरे से अवगत कराया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जोनल अधिकारी विकास सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि वह इस पूरे मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखेंगे और जल्द ही कोई जनहितैषी समाधान निकाला जाएगा।
इस महत्वपूर्ण विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से समाजसेवी अखिलेश दीक्षित, सचिन सिंह, शालू सरदार, पुष्पेंद्र सिंह, पी.पी. सिंह, हर्ष भदौरिया, भरत सिंह और शिवजीत गिरी के साथ-साथ कई अन्य स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की है कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए जनहित में इस वेंडिंग जोन को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।